आज डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती, लखनऊ में 110 घाटों पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़ CM योगी और मालिनी अवस्थी भी शामिल

CHHATH POOJA

उजाला / उत्तरप्रदेश

लखनऊ। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ आज पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार, 15 नवंबर को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य यानी डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगी। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से लेकर कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज तक छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से घाटों का वातावरण भक्तिमय हो गया है। लखनऊ में इस बार छठ पूजा को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। गोमती नदी के किनारे करीब 110 स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन की व्यवस्था की गई है। सबसे बड़ा आयोजन गोमती तट स्थित लक्ष्मण मेला मैदान के छठ घाट पर हो रहा है। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी छठी मैया की पूजा-अर्चना करेंगे और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। आयोजन समिति के मुताबिक, यह छठ महापर्व का 43वां आयोजन है, जिसे अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से आयोजित किया जा रहा है।

मालिनी अवस्थी के गीतों से गूंजेगा लक्ष्मण मेला मैदान

लक्ष्मण मेला मैदान में इस बार धार्मिक अनुष्ठान के साथ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अर्घ्य देने के बाद पद्मश्री लोकगायिका मालिनी अवस्थी छठी मैया की महिमा से जुड़े पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति देंगी। उनके अलावा 100 से अधिक लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भोजपुरी लोकसंस्कृति और छठ पर्व की परंपराओं को जीवंत करेंगे। घाट पर लोकनृत्य, पारंपरिक संगीत और छठी मैया के गीतों की गूंज श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। कहीं कलाकार धोबिया नृत्य प्रस्तुत कर रहे हैं तो कहीं लोकगीतों के जरिए छठी मैया की महिमा का गुणगान किया जा रहा है। छोटे-छोटे बच्चे सूर्यदेव और छठी मैया का रूप धारण कर श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

दंडवत प्रणाम करते हुए घाट पहुंच रहीं व्रती महिलाएं

छठ पूजा की सबसे खास तस्वीर श्रद्धालुओं की अटूट आस्था के रूप में देखने को मिल रही है। बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं सिर पर पूजा सामग्री से सजे दउरा और सूप लेकर घाटों की ओर पहुंच रही हैं। कई महिलाएं दंडवत प्रणाम करते हुए लक्ष्मण मेला मैदान के घाट तक पहुंच रही हैं। उनके साथ परिवार के सदस्य भी पूजा की तैयारियों में जुटे हैं। दउरा और सूप में गन्ना, नारियल, केला, मौसमी फल, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद सजाए गए हैं। घाटों पर पूजा के लिए वेदियां तैयार की गई हैं। श्रद्धालु सूर्यास्त के समय जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित करेंगे तथा परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करेंगे।

कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज में भी छठ की धूम

लखनऊ के अलावा कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज में भी छठ महापर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। गंगा नदी के विभिन्न घाटों पर व्रती महिलाएं पूजा सामग्री और फलों से सजे दउरा लेकर पहुंच रही हैं। घाटों पर सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं।

कल उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा व्रत का पारण

छठ महापर्व का समापन सोमवार, 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। लखनऊ में सूर्योदय का समय लगभग सुबह 6:26 बजे है। इसके बाद व्रती महिलाएं पूजा-अर्चना कर अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत खोलेंगी। गौरतलब है कि छठ पूजा की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से हुई थी। 14 नवंबर को खरना के साथ व्रतियों ने 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया। आज संध्या अर्घ्य और कल उषा अर्घ्य के साथ यह कठिन तपस्या पूरी होगी।

छठ महापर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व भी है। यह पर्व लोक आस्था, पारिवारिक एकता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। देशभर में श्रद्धालु इसी कामना के साथ छठी मैया और भगवान सूर्यदेव की आराधना कर रहे हैं कि हर घर में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *