उजाला / उत्तरप्रदेश
आगरा: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी ने दलित वोट बैंक को साधने और अपने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को मजबूत करने के लिए रविवार, 15 नवंबर को आगरा के जीआईसी मैदान में दलित महासम्मेलन आयोजित किया। इस सम्मेलन में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नाम लिए बिना उनके ‘अंगद का पैर’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि सम्मेलन के बाद उनकी जमीन खिसक जाएगी। जब जमीन ही नहीं बचेगी तो पैर कहां रखेंगे? यह सम्मेलन केवल एक राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलितों के बीच समाजवादी पार्टी की पकड़ मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
अमित शाह के बयान पर अखिलेश का पलटवार
अखिलेश यादव का निशाना 30 अक्टूबर को लखनऊ में हुई भाजपा की बैठक में अमित शाह के उस बयान पर था, जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को ‘अंगद का पैर’ बताते हुए कहा था कि इसे कोई हिला नहीं सकता। इसी बयान को लेकर अखिलेश ने कहा कि भाजपा के लोग अपनी सरकार को मजबूत बता रहे थे, लेकिन अब हालात बदलने वाले हैं। उन्होंने दावा किया कि आगरा का यह सम्मेलन भाजपा की राजनीतिक जमीन खिसकाने का काम करेगा। अखिलेश ने भाजपा के ‘डबल इंजन सरकार’ के नारे पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि जो लोग डबल इंजन सरकार की बात करते थे, उन्हें वाराणसी में डबल जीरो मिला है। उनका इशारा हालिया एमएलसी चुनाव के नतीजों की ओर था। उन्होंने आरोप लगाया कि आगरा में सपा समर्थित प्रत्याशी को चुनाव के दौरान डराया-धमकाया गया, उनके साथ मारपीट की गई और कपड़े तक फाड़ दिए गए, लेकिन तमाम दबाव के बावजूद प्रत्याशी ने जीत हासिल की।
दलित उत्पीड़न और बाबा साहेब के संविधान का मुद्दा उठाया
सम्मेलन में अखिलेश यादव ने दलित समाज के अधिकारों और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने भाजपा सरकार पर दलितों के साथ भेदभाव और उत्पीड़न का आरोप लगाया। अखिलेश ने दावा किया कि प्रदेश में बाबा साहेब की करीब 200 प्रतिमाएं तोड़ी गई हैं। उन्होंने कहा कि संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है और PDA की ताकत बढ़ने से विरोधियों में बेचैनी है। उन्होंने कहा कि PDA का मतलब केवल पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक नहीं है, बल्कि इसमें हर वह व्यक्ति शामिल है जो शोषित, पीड़ित और अन्याय का सामना कर रहा है। सपा अध्यक्ष ने इस वर्ग को एकजुट करने की अपील करते हुए सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने की बात कही।
पेपर लीक और बेरोजगारी पर भाजपा को घेरा
युवाओं के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को घेरते हुए पेपर लीक की घटनाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार परीक्षाएं रद्द हो रही हैं और युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर पेपर लीक करा रही है, ताकि युवाओं को नौकरी और आरक्षण का लाभ न देना पड़े। उन्होंने Gen Z और Gen Alpha का जिक्र करते हुए कहा कि नई पीढ़ी अब अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रही है। उन्होंने युवाओं के आंदोलनों का हवाला देते हुए दावा किया कि सरकार को झुकना पड़ा और अपने मंत्री तक को हटाना पड़ा। अखिलेश ने कहा कि यदि दलित, पिछड़े और वंचित समाज के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के समान अवसर मिलें, तो वे तेजी से आगे बढ़ सकते हैं।
बाल योगी और राजेंद्र सिंह राठौर ने थामा सपा का दामन
सम्मेलन का एक बड़ा राजनीतिक आकर्षण आगरा के बाल योगी और फिरोजाबाद से मेयर का चुनाव लड़ चुके राजेंद्र सिंह राठौर का समाजवादी पार्टी में शामिल होना रहा। दोनों ने अखिलेश यादव की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बाल योगी ने अपने संबोधन में सपा के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए कहा, “आज के बाद सपा के लिए ही जिंदा रहूंगा।” उनके इस बयान पर सम्मेलन स्थल तालियों से गूंज उठा।
इस सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का उत्साह भी देखने लायक रहा। कन्नौज के 67 वर्षीय लखन सिंह यादव तीन दिनों में करीब 200 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय करके आगरा पहुंचे। वहीं, बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ सम्मेलन में शामिल हुए। कुछ कार्यकर्ता बीन की धुन पर नाचते नजर आए। सपेरों के एक बड़े समूह की मौजूदगी भी सम्मेलन का खास आकर्षण रही।
2027 चुनाव से पहले PDA की सियासी बिसात
दरअसल, समाजवादी पार्टी का यह सम्मेलन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित समाज के बीच अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। आगरा को दलित राजनीति का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। इसी वजह से सपा ने जीआईसी मैदान को इस बड़े आयोजन के लिए चुना। सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दर्जन से अधिक जिलों के नेता, जनप्रतिनिधि और पूर्व जनप्रतिनिधि पहुंचे। पार्टी की ओर से करीब 30 जिलों के कार्यकर्ताओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया था। अखिलेश यादव ने इस आयोजन के जरिए साफ संदेश देने की कोशिश की कि 2027 के विधानसभा चुनाव में PDA उनकी राजनीति का प्रमुख आधार होगा। अब देखना होगा कि आगरा के इस सम्मेलन से समाजवादी पार्टी को दलित समाज का कितना समर्थन मिलता है और इसका असर आगामी विधानसभा चुनाव के सियासी समीकरणों पर किस तरह दिखाई देता है।
