उजाला / स्पोर्ट्स
भारतीय क्रिकेट टीम ने साल 2026 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने दुनिया की तमाम क्रिकेट टीमों को पीछे छोड़ दिया है। टीम इंडिया एक कैलेंडर ईयर में 400 छक्के लगाने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। भारत ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि महज 40 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में हासिल की है। यानी टीम इंडिया ने हर मैच में औसतन 10 छक्के जड़कर टी20 क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का नया उदाहरण पेश किया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार, 1 नवंबर को खेले गए पांचवें टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने 400 छक्कों का आंकड़ा पूरा किया। इस रिकॉर्ड के साथ भारतीय टीम ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। खास बात यह है कि इस साल भारत की बल्लेबाजी में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा आक्रामक अंदाज देखने को मिला है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ लगाए 142 छक्के
साल 2026 में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ कुल 10 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले। इनमें जनवरी में भारत दौरे पर आई न्यूजीलैंड टीम के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज और अक्टूबर-नवंबर में न्यूजीलैंड की धरती पर खेली गई पांच मैचों की सीरीज शामिल है। इन 10 मुकाबलों में भारतीय बल्लेबाजों ने कुल 142 छक्के लगाए।यह किसी एक कैलेंडर ईयर में किसी एक विरोधी टीम के खिलाफ लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों का बल्ला किस कदर चला है। टीम के बल्लेबाजों ने लगातार बड़े शॉट खेलकर गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।
ग्लेन फिलिप्स ने लगाए सबसे ज्यादा छक्के
मौजूदा पांच मैचों की टी20 सीरीज में छक्के लगाने के मामले में न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स सबसे आगे रहे। उन्होंने पूरी सीरीज में 17 छक्के लगाए। वहीं भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा 16 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। न्यूजीलैंड के फिन एलन ने 10 छक्के लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया।
3-2 से भारत ने जीती सीरीज
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज का अंत 3-2 से हुआ। शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने सीरीज में अजेय बढ़त बना ली थी। हालांकि, इसके बाद न्यूजीलैंड ने आखिरी दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज कर शानदार वापसी की और सीरीज का अंतर 3-2 कर दिया।अब दोनों टीमों के बीच क्रिकेट का अगला मुकाबला वनडे फॉर्मेट में देखने को मिलेगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत 4 नवंबर से होगी। ऐसे में टी20 सीरीज में छक्कों का विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली टीम इंडिया की नजर अब वनडे सीरीज में भी अपना दम दिखाने पर होगी।
