उजाला / खेल
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी और लंबे समय से कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल रहीं हरमनप्रीत कौर ने अचानक सभी फॉर्मेट में टीम इंडिया की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। हरमनप्रीत ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर अपने इस फैसले की जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने साफ किया है कि वह बतौर खिलाड़ी भारतीय टीम के लिए खेलती रहेंगी। यानी कप्तानी का सफर भले ही खत्म हो गया है, लेकिन क्रिकेट के मैदान पर हरमनप्रीत कौर का सफर अभी जारी रहेगा। हरमनप्रीत कौर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि सभी फॉर्मेट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी से हटना उनके लिए आसान फैसला नहीं था। उन्होंने कहा कि इस फैसले के पीछे कई वर्षों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे पल हैं, जो जीवनभर उनके साथ रहेंगे। कप्तान के तौर पर उन्होंने टीम और भारतीय महिला क्रिकेट को अपना पूरा समय, मेहनत और ऊर्जा दी। उन्होंने अपनी कप्तानी के दौरान लिए गए मुश्किल फैसलों का भी जिक्र किया। हरमनप्रीत के मुताबिक, कई मौकों पर उन्हें अपनी व्यक्तिगत परफॉर्मेंस, ग्रोथ और निजी महत्वाकांक्षाओं को पीछे रखना पड़ा, क्योंकि उनके लिए टीम हमेशा पहले स्थान पर रही। उन्होंने कहा कि कप्तान के तौर पर लिए गए हर फैसले का मकसद टीम को बेहतर बनाना और खिलाड़ियों को खुद पर विश्वास करने तथा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का मौका देना था।

मुश्किल दौर से लेकर ऐतिहासिक जीत तक का सफर
हरमनप्रीत कौर ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के साथ कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने मुश्किल दौर का सामना करने के साथ कई यादगार उपलब्धियां भी हासिल कीं। हाल के वर्षों में भारतीय महिला क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव में हरमनप्रीत की कप्तानी की अहम भूमिका रही है। हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने 2025 विमेंस वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता और इतिहास रचा। इसके अलावा एशिया कप सहित कई बड़े टूर्नामेंट में भी भारतीय टीम ने सफलता हासिल की। हाल ही में एशियन गेम्स 2026 में भी भारत ने हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। 37 साल की हरमनप्रीत कौर ने करीब एक दशक तक भारतीय टीम की कप्तानी की। साल 2016 में उन्हें पहली बार टी20 टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग फॉर्मेट में भारतीय टीम का नेतृत्व किया और महिला क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई।
स्मृति मंधाना को मिल सकती है कप्तानी
हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अगली कप्तान कौन होगी। इस रेस में स्मृति मंधाना का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। मंधाना लंबे समय से भारतीय टीम की अहम सदस्य हैं और तीनों फॉर्मेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करती रही हैं। स्मृति मंधाना ने कई वर्षों तक हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम की उप-कप्तान की भूमिका भी निभाई है। ऐसे में टीम के साथ उनका अनुभव और नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने का पिछला अनुभव उन्हें संभावित कप्तानी के लिए प्रमुख दावेदार बनाता है। हालांकि, नई कप्तान को लेकर अंतिम फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और टीम मैनेजमेंट की ओर से किया जाएगा।

‘कप्तान नहीं, लेकिन खिलाड़ी के तौर पर सफर जारी’
हरमनप्रीत कौर ने अपनी भावुक पोस्ट के अंत में साफ कर दिया कि कप्तानी छोड़ने के बावजूद उनका भारतीय क्रिकेट से रिश्ता खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने टीम के साथियों, कोचिंग स्टाफ, सपोर्ट स्टाफ, मैनेजमेंट, BCCI, परिवार और प्रशंसकों का धन्यवाद किया। हरमनप्रीत ने अपने संदेश में कहा कि अब वह फिर से खेल के प्यार के लिए खेलने के लिए तैयार हैं। उनके इस फैसले के साथ भारतीय महिला क्रिकेट में एक नए नेतृत्व युग की शुरुआत हो सकती है, वहीं हरमनप्रीत का अनुभव मैदान पर टीम के लिए आगे भी महत्वपूर्ण रहने की उम्मीद है।
