गोरखनाथ मंदिर पहुंचे BJP अध्यक्ष नितिन नबीन, CM योगी ने किया भव्य स्वागत

GORAKHPUR

उजाला / उत्तरप्रदेश

गोरखपुर:  भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गोरखपुर पहुंचे नितिन नबीन ने गुरुवार सुबह प्रसिद्ध गोरखनाथ मंदिर में पहुंचकर शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने उनका आत्मीय स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और आध्यात्मिकता का माहौल देखने को मिला। नितिन नबीन गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा के समक्ष पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नितिन नबीन को गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण कराया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को गोरखनाथ मंदिर की ऐतिहासिक, धार्मिक और आध्यात्मिक महत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही नाथपंथ की परंपराओं, मान्यताओं और गुरु गोरखनाथ की शिक्षाओं से भी अवगत कराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नितिन नबीन को पारंपरिक अंगवस्त्र, प्रसाद और गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंदिर में प्रसाद और जलपान ग्रहण किया। मंदिर में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह भाजपा के अन्य निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान, गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सांसद रविकिशन शुक्ल, सांसद विजय दूबे, प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह और विधायक विपिन सिंह समेत कई नेता उपस्थित रहे।

दो दिवसीय दौरे में संगठन को मजबूत करने पर जोर

दरअसल, नितिन नबीन का गोरखपुर दौरा केवल धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है। उनका यह दो दिवसीय दौरा भाजपा के संगठनात्मक और राजनीतिक लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है। चार और पांच नवंबर के इस दौरे में पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को धार देने पर विशेष जोर है। दौरे के पहले दिन बुधवार को नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में हिस्सा लिया था। यह पदयात्रा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू होकर सरदार पटेल की प्रतिमा के निकट स्थित माता काली मंदिर तक पहुंची। इसके बाद उन्होंने प्रबुद्ध वर्ग के प्रतिनिधियों और पार्टी के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। शाम को प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी के साथ भी चर्चा हुई।

वहीं, गुरुवार को मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद पार्टी के पूर्व पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ संगठनात्मक नेताओं के साथ बैठकों का कार्यक्रम रखा गया है। इन बैठकों के जरिए संगठन के पुराने अनुभवों का लाभ लेने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और आगामी चुनावी रणनीति को मजबूत करने पर चर्चा होनी है। इसके अलावा नितिन नबीन ने निषाद पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद के आवास पर भी मुलाकात की। ऐसे में उनके गोरखपुर दौरे को धार्मिक आस्था के साथ-साथ भाजपा की संगठनात्मक सक्रियता और मिशन 2027 की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *