शरद पवार की अचानक बिगड़ी तबीयत, पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती

SHARAD PAWAR

उजाला / देश

महाराष्ट्र की राजनीति से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी एनसीपी (SP) के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में उनकी मेडिकल जांच की जा रही है। इस खबर के सामने आने के बाद उनके समर्थकों और राजनीतिक गलियारों में चिंता बढ़ गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि उनकी बेटी और बारामती से लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने उनकी सेहत को लेकर सकारात्मक जानकारी साझा की है।

सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

शरद पवार की तबीयत को लेकर सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा की। उन्होंने बताया कि खांसी की समस्या के चलते उनके पिता को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनके मेडिकल टेस्ट कराए जा रहे हैं। सुप्रिया सुले ने अपने पोस्ट में लिखा, “कफ की समस्या के चलते बाबा को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। उनके मेडिकल टेस्ट कराए जा रहे हैं और उनके सभी हेल्थ पैरामीटर स्थिर हैं। आप सभी की चिंता और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। सुप्रिया सुले के इस बयान से स्पष्ट है कि फिलहाल शरद पवार की स्वास्थ्य स्थिति स्थिर बताई गई है। हालांकि, मेडिकल जांच के बाद ही उनकी सेहत को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

तीन दिन के सूखाग्रस्त इलाकों के दौरे पर थे शरद पवार

दरअसल, शरद पवार पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त इलाकों के दौरे पर थे। महाराष्ट्र में कम बारिश के कारण कई ग्रामीण क्षेत्रों में पानी और पशुओं के चारे का संकट गहराया हुआ है। इसी स्थिति का जायजा लेने के लिए उन्होंने तीन दिवसीय दौरे की योजना बनाई थी। इस दौरान उन्हें सोलापुर, धाराशिव और बीड के प्रभावित इलाकों में किसानों और ग्रामीणों से मुलाकात करनी थी। रविवार को उन्होंने सोलापुर जिले के माढ़ा तालुका के तुलशी गांव का दौरा भी किया था। यहां किसानों ने पानी की समस्या को लेकर अपना दर्द जाहिर किया था। शरद पवार ने गांव में जल संरक्षण के कार्यों के लिए 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की थी। उन्होंने कहा था कि सूखे की समस्या से निपटने के लिए पानी, पशुओं के चारे और रोजगार की व्यवस्था प्राथमिकता होनी चाहिए। सोलापुर जिले के 139 गांवों में 135 टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाए जाने की जानकारी भी उन्होंने दी थी।

दौरा प्रभावित, समर्थकों की नजर स्वास्थ्य अपडेट पर

शरद पवार की तबीयत बिगड़ने के बाद उनके निर्धारित सूखा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर भी असर पड़ा है। उनकी आगे की यात्रा स्थगित किए जाने की खबरें सामने आई हैं। अब सबकी नजर डॉक्टरों की जांच और उनके स्वास्थ्य को लेकर आने वाले अगले अपडेट पर टिकी है। फिलहाल सुप्रिया सुले ने लोगों से मिल रही शुभकामनाओं और चिंता के लिए आभार जताया है। महाराष्ट्र की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय शरद पवार के अस्पताल में भर्ती होने की खबर ने उनके समर्थकों को चिंतित कर दिया है। हालांकि, परिवार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक उनके सभी स्वास्थ्य मानक स्थिर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *