उजाला / उत्तरप्रदेश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को लेकर शासन ने बुधवार को बड़ा फेरबदल किया है। प्रदेश सरकार ने 20 IPS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस सूची में अपर पुलिस महानिदेशक स्तर के अधिकारियों से लेकर जिलों में तैनात पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल हैं। करीब 10 जिलों की पुलिस कमान में बदलाव किया गया है। तबादला सूची के मुताबिक बस्ती, जौनपुर, बाराबंकी, बलिया, मऊ, गाजीपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, हापुड़ और जालौन समेत कई जिलों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की गई है। सरकार के इस फैसले के बाद संबंधित जिलों में पुलिस प्रशासन की कमान नए अधिकारियों के हाथों में होगी।

जौनपुर और बस्ती में बड़ा बदलाव
2013 बैच के IPS अधिकारी यशवीर सिंह को बस्ती के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर जौनपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं जौनपुर के मौजूदा एसपी कुंवर अनुपम सिंह को पुलिस अधीक्षक, पीएसी मुख्यालय लखनऊ भेजा गया है। बस्ती में अब ओमवीर सिंह को पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
बाराबंकी, बलिया और गाजीपुर में भी नई तैनाती
रवीना त्यागी को पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ से हटाकर बाराबंकी का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। बाराबंकी के एसपी अर्पित विजयवर्गीय को पुलिस उपायुक्त, लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह ईराज राजा को गाजीपुर से हटाकर बलिया का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं जालौन के एसपी विनय कुमार सिंह को गाजीपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। सर्वेश कुमार मिश्रा को मऊ का एसपी बनाया गया है।
मुजफ्फरनगर, बागपत और हापुड़ में भी बदलाव
मुजफ्फरनगर में सूरज कुमार राय को नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। बागपत की जिम्मेदारी पूर्णेंदु सिंह को सौंपी गई है, जबकि मधुवन कुमार सिंह को हापुड़ का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। जालौन में सुरेश चंद्र रावत को नया एसपी नियुक्त किया गया है।
बरेली और आजमगढ़ में भी बदले अधिकारी
बरेली नगर में चिराग जैन को पुलिस अधीक्षक नगर बनाया गया है, जबकि वहां तैनात मानुष पारीक को आजमगढ़ नगर भेजा गया है। इसके अलावा आलोक राज नारायण को हरदोई से अपर पुलिस अधीक्षक, मथुरा की जिम्मेदारी दी गई है।
ADG स्तर पर भी बदलाव
तबादला सूची में वरिष्ठ स्तर पर भी अहम बदलाव हुआ है। ए. सतीश गणेश से अपर पुलिस महानिदेशक अपराध का अतिरिक्त प्रभार वापस लेकर उन्हें अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं भगवान एस. श्रीवास्तव को एडीजी तकनीकी सेवाओं के साथ अपराध विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सरकार के इस बड़े फेरबदल के बाद प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस नेतृत्व बदल गया है। नई तैनाती के बाद अधिकारियों के सामने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और स्थानीय स्तर पर पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने की चुनौती होगी।
