लखनऊ में आजाद समाज पार्टी का ‘संपूर्ण भागीदारी आंदोलन’

उजाला/ लखनऊ : राजधानी लखनऊ के इको गार्डन में गुरुवार, 24 सितंबर को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की ओर से ‘संपूर्ण भागीदारी आंदोलन’ का आयोजन किया जा रहा है। पार्टी 24 सितंबर को पूना पैक्ट दिवस के रूप में मना रही है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

आजाद समाज पार्टी की ओर से इस आंदोलन के जरिए सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़ी कई मांगें उठाई जा रही हैं। पार्टी की प्रमुख मांगों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण के भीतर अलग कोटा देने की मांग शामिल है। इसके साथ ही ओबीसी को लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण देने, एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के लिए पदोन्नति में आरक्षण लागू करने तथा आरक्षण के लंबित बैकलॉग पदों पर भर्ती किए जाने की मांग भी रखी जाएगी।

पार्टी की ओर से अंबेडकरनगर, कन्नौज, जालौन और सहारनपुर के चार मेडिकल कॉलेजों में एससी-एसटी के 70 प्रतिशत आरक्षण को कानून बनाकर बहाल करने की मांग भी उठाई जाएगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि इन मांगों के जरिए वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों और प्रतिनिधित्व के मुद्दे को प्रमुखता से सामने रखा जाएगा।

दिल्ली में कार्यक्रम की अनुमति रद्द होने का दावा

प्रदेश संयोजक कुलदीप भार्गव ने कहा कि यह कार्यक्रम पहले दिल्ली में आयोजित किया जाना था, लेकिन उनके अनुसार कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी गई। इसके बाद लखनऊ में आंदोलन आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी दलितों और पिछड़ों की आवाज को बुलंद करने तथा अपनी मांगों को मजबूती से उठाने के लिए जुटी है। कुलदीप भार्गव ने कहा कि जिन अधिकारों के लिए बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संघर्ष किया, पार्टी उन्हीं मुद्दों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है। उनके मुताबिक आंदोलन का उद्देश्य सामाजिक रूप से वंचित वर्गों के अधिकारों और भागीदारी की मांग को मजबूती देना है।

2027 के चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा

लखनऊ कैंट से पार्टी के प्रत्याशी अनिकेत धानुक ने कहा कि पार्टी को जनता के समर्थन की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि यदि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता का समर्थन मिला तो प्रदेश में बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी, रिक्शा चालक और दलित-पिछड़े वर्गों के बच्चों को विधानसभा तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जाएगा। अनिकेत धानुक ने कहा कि जिन लोगों के अधिकारों का अब तक शोषण हुआ है, उन्हें उनका अधिकार दिलाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आजाद समाज पार्टी उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव केवल सरकार बनाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि बदलाव के एजेंडे के साथ लड़ने की बात कर रही है।

संपूर्ण भागीदारी आंदोलन’ के जरिए पार्टी ने आरक्षण, प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को केंद्र में रखा है। लखनऊ में होने वाले इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *