2027 चुनाव को लेकर पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों से चर्चा

UTTARPRADESH

उजाला/ उत्तरप्रदेश

सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर सहारनपुर में करीब ढाई घंटे तक मंथन किया। अंबाला रोड स्थित एक रिसॉर्ट में आयोजित दो अलग-अलग बैठकों में उन्होंने पार्टी के पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधियों तथा पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। बैठकों में संगठनात्मक अनुभव, आपसी तालमेल और आगामी चुनाव के लिए संभावित रणनीति जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। सहारनपुर पहुंचने के बाद नितिन नवीन ने सबसे पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पूर्व जनप्रतिनिधियों और पूर्व पदाधिकारियों के साथ बैठक की। यह बैठक करीब दो घंटे चली। इसमें पार्टी के पुराने नेताओं के अनुभव और संगठन के साथ उनके तालमेल को लेकर चर्चा हुई। साथ ही वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की तैयारियों और संभावित रोडमैप पर भी विचार किया गया।

पहली बैठक के बाद नितिन नवीन ने करीब आधे घंटे तक दूसरी बैठक की। इसमें पश्चिमी यूपी के वर्तमान जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों और क्षेत्रीय राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति और संभावित दावेदारों को लेकर भी जानकारी जुटाने की कोशिश की गई। दोनों बैठकों को लेकर भाजपा की ओर से व्यापक स्तर पर गोपनीयता बरती गई। बैठक स्थल पर मीडिया की एंट्री प्रतिबंधित रही। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी और बैठकों की अवधि को देखते हुए इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों से जुड़ी महत्वपूर्ण कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

बैठकों के बाद नितिन नवीन सहारनपुर के ओजपुरा पहुंचे। यहां उन्होंने रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह पार्टी के एक अनुसूचित जाति कार्यकर्ता के घर पहुंचे, जहां उन्होंने भोजन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की। कार्यक्रम पूरा करने के बाद नितिन नवीन अपने काफिले के साथ दिल्ली के लिए रवाना होने वाले थे। इस दौरान नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश के विकास को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश को पहले माफिया के नाम से जाना जाता था, आज वही प्रदेश युवाओं के लिए सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे नए क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान अब विकास, एक्सप्रेसवे और नए औद्योगिक अवसरों के साथ बन रही है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मिसाइल निर्माण जैसे क्षेत्रों में भी काम हो रहा है, जो नए उत्तर प्रदेश की पहचान को दर्शाता है। उनके मुताबिक प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और अब उत्तर प्रदेश ‘उत्तम प्रदेश’ की ओर बढ़ रहा है। सहारनपुर में नितिन नवीन की बैठकों को आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन की स्थिति, पुराने नेताओं के अनुभव और मौजूदा पदाधिकारियों की सक्रियता को एक साथ जोड़कर पार्टी की चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिखाई दिया। आने वाले समय में इन बैठकों में हुई चर्चाओं के आधार पर संगठनात्मक स्तर पर गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *