उजाला / उत्तरप्रदेश
आगरा। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच आगरा की राजनीति में सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में पहचान बनाने वाले बाल योगी ने समाजवादी पार्टी का दामन थामकर सियासी हलचल बढ़ा दी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता लेने के बाद बाल योगी अब खुलकर राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं। उनका निशाना भारतीय जनता पार्टी के विधायक चौधरी बाबूलाल हैं। बाल योगी ने एक बार फिर विधायक पर हमला बोलते हुए पुराने विवाद को हवा दे दी है।
चौधरी बाबूलाल को दी खुले मैदान में आने की चुनौती
सपा में शामिल होने के बाद बाल योगी ने भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल को लेकर कहा कि वह बुजुर्ग होने के नाते उनसे मिलने उनके घर गए थे, लेकिन वहां उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया गया और उन्हें अपमान का सामना करना पड़ा। बाल योगी ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए विधायक को खुले मैदान में आने की चुनौती देने की बात कही। गौरतलब है कि बाल योगी और चौधरी बाबूलाल के बीच विवाद पहले भी सुर्खियों में रह चुका है। अगस्त 2026 में मलपुरा क्षेत्र में एक खुले नाले की समस्या को लेकर बाल योगी ने ग्रामीणों के बीच विधायक पर टिप्पणी की थी। इसके बाद वह विधायक के आवास पर पहुंचे और अपने शब्दों पर खेद भी जताया था। हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से फिर अपना पक्ष रखा और कहा था कि उनके खेद जताने को कमजोरी न समझा जाए। अब सपा में शामिल होने के बाद यह विवाद एक बार फिर चर्चा में है।
300 दिन में सपा को मजबूत करने का दावा
बाल योगी ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर भी बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि समाजवादी पार्टी में उनका राजनीतिक जन्म अभी एक दिन पहले ही हुआ है। इसलिए उन्हें 300 दिन का समय दिया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इन 300 दिनों में वह पार्टी को इतना मजबूत करने का प्रयास करेंगे कि उनका काम जमीन पर दिखाई देने लगेगा। बाल योगी के मुताबिक, अब तक उनकी सक्रियता मुख्य रूप से आगरा की स्थानीय समस्याओं तक सीमित थी, लेकिन समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद उनका राजनीतिक दायरा पूरे उत्तर प्रदेश तक बढ़ गया है। अब वह प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में जनसमस्याओं को उठाने और पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने की बात कर रहे हैं।

आगरा दक्षिण सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा
बाल योगी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी महत्वाकांक्षा भी जाहिर कर दी है। उन्होंने आगरा दक्षिण विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि पार्टी उन्हें टिकट नहीं देती है तो वह नाराज होकर अलग रास्ता नहीं चुनेंगे। ऐसी स्थिति में वह समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करेंगे और पार्टी को जिताने के लिए काम करेंगे। यहां उल्लेखनीय है कि आगरा दक्षिण सीट से वर्तमान में भाजपा के योगेंद्र उपाध्याय विधायक हैं, जबकि चौधरी बाबूलाल फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में बाल योगी की दावेदारी ने आगरा की आगामी चुनावी राजनीति में नई चर्चा शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य, शिक्षा और शराब के ठेके होंगे प्राथमिक मुद्दे
बाल योगी ने अपनी राजनीतिक प्राथमिकताओं का भी खुलासा किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और शराब के ठेकों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बताया। उनका कहना है कि आम आदमी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण किसी बच्चे की शिक्षा प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सामाजिक कार्यों के दौरान बाल योगी जलभराव, गंदगी, अस्पतालों में महंगे इलाज और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते रहे हैं। कई बार उन्होंने स्थानीय समस्याओं को लेकर अनोखे अंदाज में विरोध भी दर्ज कराया है। जलभराव के विरोध में सड़क पर नाव चलाने और अस्पतालों के बाहर इलाज के खर्च को लेकर आवाज उठाने जैसे उनके वीडियो चर्चा में रहे हैं।
2027 से पहले आगरा की राजनीति में नई हलचल
दरअसल, 15 नवंबर को आगरा में आयोजित समाजवादी पार्टी के दलित महासम्मेलन में बाल योगी के साथ राजेंद्र सिंह राठौर ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। अखिलेश यादव की मौजूदगी में हुए इस राजनीतिक घटनाक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आगरा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सपा की सक्रियता बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। बाल योगी की राजनीतिक एंट्री के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या समाजवादी पार्टी उन्हें आगरा दक्षिण विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारेगी या फिर संगठन में कोई दूसरी जिम्मेदारी देगी? फिलहाल पार्टी की ओर से उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन 300 दिन में संगठन मजबूत करने का दावा और खुले मैदान में राजनीतिक चुनौती देने वाले उनके बयान ने आगरा की सियासत को जरूर गर्मा दिया है।
