आकाश आनंद का बिजनौर से चुनावी शंखनाद, बोले- यूपी की जनता फिर बनाएगी मायावती को CM

MAYAWATI

उजाला / उत्तरप्रदेश

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी समेत तमाम राजनीतिक दल अपनी-अपनी चुनावी रणनीति को धार देने में जुट गए हैं। इसी कड़ी में बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने भी अपने चुनावी अभियान को तेज कर दिया है। बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद लगातार जनसभाओं के जरिए पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी सिलसिले में शनिवार, 14 नवंबर को उन्होंने बिजनौर के अफजलगढ़ में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया और बीजेपी सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले किए। जनसभा में आकाश आनंद ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि एक बार फिर पूरे उत्तर प्रदेश को बता दीजिए कि प्रदेश की जनता मायावती को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने जा रही है। उनके इस बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बसपा की चुनावी तैयारियों और मायावती के नेतृत्व में पार्टी को फिर से मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

आकाश आनंद ने अपने भाषण में बिजनौर की पहचान और यहां के किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बिजनौर गन्ना, चीनी और गुड़ उत्पादन के मामले में उत्तर प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल है, लेकिन यहां के गन्ना किसानों की जिंदगी में कड़वाहट घुली हुई है। उन्होंने सवाल किया कि जिन चीनी मिलों पर किसानों का करोड़ों रुपये बकाया है, आखिर उन्हें अपना ही पैसा पाने के लिए हाथ क्यों फैलाने पड़ रहे हैं? जो किसान देश का पेट भरता है, उसे अपने मेहनत की कमाई के लिए मिलों के चक्कर क्यों लगाने पड़ते हैं? उन्होंने गंगा में आने वाली बाढ़ से किसानों को होने वाले नुकसान का मुद्दा भी उठाया। आकाश आनंद ने कहा कि बाढ़ का पानी कुछ समय बाद उतर जाता है, लेकिन किसानों की फसल और उनकी मेहनत बर्बाद हो जाती है। ऐसे में सरकार को बताना चाहिए कि किसानों के नुकसान की भरपाई कौन करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की समस्याओं के समाधान के बजाय सरकार प्रचार और विज्ञापनों पर ज्यादा ध्यान दे रही है।

7000 करोड़ के विज्ञापन और 13 लाख खाली पदों पर सवाल

बीएसपी नेता ने बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में सरकार ने अपनी उपलब्धियों का प्रचार करने के लिए विज्ञापनों पर करीब 7000 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विज्ञापनों के जरिए खुद को विकसित और शिक्षित सरकार बताने में जुटी है, लेकिन दूसरी तरफ युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकारी विभागों में खाली पड़े पद नहीं भरे जा रहे हैं। आकाश आनंद ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में करीब 13 लाख सरकारी पद खाली हैं। उन्होंने पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने में नाकाम रही है। उन्होंने झांसी में बच्चों को आग से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं होने का जिक्र करते हुए सरकार की प्राथमिकताओं पर भी सवाल खड़े किए।

महिला सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था पर भी साधा निशाना

आकाश आनंद ने महिला सुरक्षा और शिक्षा को लेकर भी योगी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में सरकार महिलाओं को सुरक्षा, युवाओं को रोजगार और बच्चों को बेहतर शिक्षा देने में सफल नहीं रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में सरकारी स्कूल बंद किए गए हैं और शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। उनका कहना था कि जब बच्चों को अच्छी शिक्षा देने की बात आती है तो सरकार संसाधनों की कमी बताती है, लेकिन विज्ञापनों पर हजारों करोड़ रुपये खर्च करने में कोई परेशानी नहीं होती।

एनकाउंटर नीति और एक्सप्रेस-वे को लेकर बीजेपी पर हमला

बीएसपी नेता ने बीजेपी सरकार की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सरकार के एनकाउंटर मॉडल पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार खुद को एनकाउंटर वाली सरकार बताती है, जबकि पुलिस की कार्रवाई को लेकर जनता के मन में कई सवाल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए हिंदू-मुस्लिम के मुद्दों को आगे करती है। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश के एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी ने 2024 तक उत्तर प्रदेश की सड़कों को अमेरिका से बेहतर बनाने का वादा किया था, लेकिन कई एक्सप्रेस-वे बनने के कुछ ही महीनों बाद धंसने लगे। उन्होंने नोएडा-आगरा एक्सप्रेस-वे का उदाहरण देते हुए कहा कि अच्छी सड़कें बनाने के लिए केवल नकल करना काफी नहीं, बल्कि समझ और गुणवत्ता भी जरूरी है।

बिजनौर में बसपा की चुनावी रणनीति के क्या हैं मायने?

दरअसल, बिजनौर की अफजलगढ़ जनसभा केवल सरकार पर हमला करने तक सीमित नहीं रही। इसे बसपा के 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। बढ़ापुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस सभा में आकाश आनंद ने बसपा प्रत्याशी तान्या नागपाल के समर्थन में माहौल बनाने की कोशिश की। बिजनौर का बसपा से पुराना राजनीतिक जुड़ाव भी रहा है। मायावती 1989 में बिजनौर लोकसभा सीट से सांसद चुनी गई थीं और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी बसपा ने यहां जीत दर्ज की थी। गौरतलब है कि आकाश आनंद को 10 सितंबर को पार्टी से बाहर किए जाने के बाद 5 अक्टूबर 2026 को मायावती ने दोबारा पार्टी में शामिल कर राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद से वह उत्तर प्रदेश में पार्टी का जनाधार मजबूत करने के लिए लगातार जनसभाएं कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *