उजाला / उत्तरप्रदेश
आगरा। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की आहट के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भी अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। इसी कड़ी में रविवार, 22 नवंबर को बसपा के राष्ट्रीय संयोजक और पार्टी प्रमुख मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने आगरा के एत्मादपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इस रैली में आकाश आनंद के तेवर काफी आक्रामक नजर आए। उन्होंने एक तरफ पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की, तो दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी पर तीखे राजनीतिक हमले किए।
रैली में मंच की व्यवस्था भी चर्चा का विषय रही। आकाश आनंद के लिए मंच पर केवल एक सोफा लगाया गया था, जबकि पीछे की तरफ अन्य नेताओं के लिए कुर्सियां रखी गई थीं। मंच का यह प्रोटोकॉल बसपा सुप्रीमो मायावती की पारंपरिक मंचीय शैली की याद दिलाता नजर आया। इससे पार्टी के भीतर आकाश आनंद की बढ़ती भूमिका और नेतृत्व के संकेतों को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
70 साल से इंतजार कर रहे, अब इंतजार नहीं करेंगे’
अपने संबोधन में आकाश आनंद ने सत्ता में भागीदारी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के लोग पिछले 70 वर्षों से सत्ता में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब और इंतजार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि विरोधियों के साम, दाम, दंड और भेद की राजनीति में नहीं फंसना है।आकाश आनंद ने कहा कि चुनाव के समय लोगों को गुमराह करने के लिए कई तरह की ताकतें सामने आएंगी। कुछ लोग गुजरात से आएंगे तो कुछ मठ से बाहर निकलेंगे। वहीं, कुछ लोगों के लिए सैफई बहुत प्यारी है, लेकिन वे भी सैफई छोड़कर आगरा पहुंचेंगे। उनके इस बयान को भाजपा और समाजवादी पार्टी के प्रमुख राजनीतिक चेहरों पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने सत्ता हासिल करने के अपने इरादे को आक्रामक अंदाज में जाहिर करते हुए कहा कि अगर सत्ता की चाबी नहीं मिली तो लात मारकर दरवाजा खोलेंगे और सत्ता में बैठेंगे। उनके इस बयान ने रैली में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच चुनावी जोश भरने का प्रयास किया।
भाजपा-सपा की राजनीति पर सीधा हमला, आगरा को बताया बसपा की मोहब्बत
आकाश आनंद ने अपने भाषण में उत्तर प्रदेश की तीन प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के प्रभाव वाले क्षेत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा को अयोध्या से प्रेम है, समाजवादी पार्टी को इटावा और सैफई से इश्क है, जबकि बहुजन समाज पार्टी को आगरा से मोहब्बत है। उन्होंने कहा कि मोहब्बत क्या बना सकती है, यह आगरा से बेहतर भला कौन जान सकता है। इस बयान के जरिए उन्होंने आगरा को बसपा की राजनीतिक पहचान और बहुजन आंदोलन से जोड़ने की कोशिश की। गौरतलब है कि आगरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बसपा के पुराने प्रभाव वाले क्षेत्रों में गिना जाता है। ऐसे में यहां से चुनावी अभियान को धार देना पार्टी की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
दोनों उपमुख्यमंत्रियों को बताया शोकेस में रखा सामान
आकाश आनंद ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दोनों उपमुख्यमंत्रियों को लेकर भी विवादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जिस तरह लोग अपने ड्राइंग रूम में सुंदर-सुंदर शोपीस सजाकर रखते हैं, उसी तरह सरकार ने दोनों उपमुख्यमंत्रियों को शोकेस में खड़ा कर रखा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब मेहमान आते हैं तो उन्हें दिखा दिया जाता है और चुनाव आने पर उन्हें आगे कर दिया जाता है। इस बयान को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।
2027 के लिए बसपा की रणनीति, दलित और युवा वोटरों पर नजर
इस रैली के राजनीतिक मायने भी काफी अहम हैं। बसपा के सामने अपना पारंपरिक दलित वोट बैंक मजबूत बनाए रखने की चुनौती है। एक तरफ समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की राजनीति के जरिए दलित मतदाताओं को जोड़ने की कोशिश कर रही है, तो दूसरी तरफ आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के सामाजिक परिवर्तन मोर्चा से भी बसपा के सामने नई राजनीतिक चुनौती खड़ी हुई है।
एत्मादपुर की सभा को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। यहां से सर्वेश बघेल को विधानसभा चुनाव के लिए बसपा प्रत्याशी घोषित करने की तैयारी भी पहले से थी। पार्टी का जोर युवाओं और बूथ स्तर के संगठन को मजबूत करने पर है। गौरतलब है कि मायावती ने अक्टूबर में आकाश आनंद को दोबारा पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक बनाकर चुनावी अभियान की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद से आकाश उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जनसभाएं कर रहे हैं। आगरा के बाद 29 नवंबर को कानपुर में भी उनकी जनसभा प्रस्तावित है।
