उजाला / हरदोई: सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र के रूपापुर चौराहे पर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए महापंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने पिछड़े, दलित, शोषित और अन्य पीडीए वर्गों के लोगों से एकजुट होकर अपने अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने का आह्वान किया। समाजवादी पार्टी की ओर से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पीडीए जन पंचायतों का आयोजन किया जा रहा है।
नवल किशोर शाक्य ने संगठन मजबूत करने पर दिया जोर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं हरदोई जिले के प्रभारी डॉ. नवल किशोर शाक्य ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने पिछड़े, दलित और शोषित वर्गों से एकजुट होने की अपील की। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
डॉ. नवल किशोर शाक्य ने कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम के दौरान पीडीए वर्गों से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी की रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों पर भी चर्चा हुई।
महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे उठाए
पूर्व सांसद उषा वर्मा ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए महंगाई समेत विभिन्न मुद्दों का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि इन मुद्दों को लेकर जनता में नाराजगी है और कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जनता अपना मन बना चुकी है।
वहीं, पूर्व जिलाध्यक्ष पदमराग सिंह यादव ‘पम्मू’ ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी कोई भी हो, कार्यकर्ता अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट हैं। उन्होंने कुशवाहा समेत पीडीए के विभिन्न वर्गों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई मिलकर लड़ने की बात कही।
पीडीए वर्गों की एकजुटता पर जोर
कार्यक्रम में डॉ. अरुण मौर्या ने बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे उठाए। प्रदीप कुशवाहा ने लोगों से एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लेने की अपील की। वहीं पूर्व प्रमुख जगमोहन राजपूत ने पूर्व में लिए गए राजनीतिक निर्णयों की समीक्षा करते हुए आगे एकजुट होकर काम करने की बात कही।
सपा की ओर से आयोजित ऐसे पीडीए कार्यक्रमों में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को पार्टी की राजनीतिक रणनीति से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। सितंबर 2026 में पार्टी की ओर से प्रदेश के कई जिलों में पीडीए जन पंचायतों के आयोजन की जानकारी सार्वजनिक की गई है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
रूपापुर में आयोजित महापंचायत में रिजवान खां चेयरमैन पाली, रहमत अली मोनू, नागेंद्र मिश्र, विजय बाबू वाजपेई, धर्मबीर यादव, अभिषेक मिश्रा, नीरज यादव, विक्रम कुशवाहा, रजनीश पाल, विजय कुशवाहा, प्रीति कुशवाहा, विजय कश्यप, राजीव यादव, प्रदीप सविता, रामतीर्थ पाल, रामपाल राजपूत और ठाकुर प्रेम सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।
