उजाला / बागेश्वर: गरुड़ की कत्यूर घाटी में आयोजित ऐतिहासिक मां कोट भ्रामरी मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए बागेश्वर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक अजय साह के नेतृत्व में पुलिसकर्मी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
ऑपरेशन कालनेमी के तहत सत्यापन अभियान
मेले की सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस द्वारा ऑपरेशन कालनेमी (सघन सत्यापन) चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत मेला क्षेत्र में लगी अस्थायी दुकानों, ढाबों और अन्य स्थानों पर रहने वाले बाहरी व्यक्तियों, प्रवासियों तथा संदिग्ध लोगों का सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस की टीमों द्वारा संबंधित व्यक्तियों की पहचान और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों के साथ एलआईयू की टीमों को भी तैनात किया गया है। पुलिस का उद्देश्य मेले के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते नजर रखना है।
डंगोली-बैजनाथ मार्ग पर विशेष ट्रैफिक प्लान
मेले के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों की बढ़ने वाली आवाजाही को देखते हुए डंगोली-बैजनाथ मार्ग पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस द्वारा वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जा रहा है, ताकि मुख्य मार्ग पर अनावश्यक वाहनों का दबाव न बढ़े और जाम की स्थिति से बचा जा सके।
यातायात पुलिस और ड्यूटी पर तैनात अन्य कर्मियों को यातायात संचालन पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील कर रही है।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
मेले में आने वाली महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला हेल्प डेस्क सक्रिय की गई है। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही महिलाओं को गौरा शक्ति ऐप डाउनलोड करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
महिला हेल्प डेस्क के माध्यम से महिलाओं को पुलिस हेल्पलाइन नंबर 1090 और 112 की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।
साइबर ठगी और डिजिटल अरेस्ट से बचाव की जानकारी
मेला क्षेत्र में पुलिस की ओर से लाउडस्पीकर और जागरूकता स्टॉल के माध्यम से साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी के तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
पुलिस द्वारा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी जा रही है। लोगों से अनजान फोन कॉल, लिंक और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा जा रहा है।
शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
बागेश्वर पुलिस ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर लोग तत्काल ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सूचना दें।
पुलिस के मुताबिक, मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। मेला क्षेत्र में पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जा सके।
