उजाला / देश
नई दिल्ली: महिला आरक्षण और देश में लोकसभा सीटों के नए सिरे से निर्धारण को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार, 27 नवंबर को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में संशोधित परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई। इस प्रस्ताव को अगले सप्ताह से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश किए जाने की संभावना है। सरकार का लक्ष्य महिला आरक्षण को लागू करने का रास्ता आसान बनाने के साथ-साथ परिसीमन को लेकर राज्यों के बीच उठ रही चिंताओं को दूर करना है।
कैबिनेट की यह अहम बैठक दोपहर एक बजे दिल्ली स्थित सेवा तीर्थ में हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार ने पुराने विधेयक में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। इनमें सबसे बड़ा बदलाव लोकसभा की सीटों में 50 फीसदी की समान बढ़ोतरी और राज्यों के मौजूदा प्रतिनिधित्व के अनुपात को 2051 तक बनाए रखने का प्रस्ताव है।
लोकसभा में 50 फीसदी तक बढ़ सकती हैं सीटें
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में 50 फीसदी की बढ़ोतरी की जा सकती है। इससे सदन में सदस्यों की संख्या बढ़कर लगभग 815 हो सकती है। सरकार का उद्देश्य यह है कि सीटों की संख्या बढ़ने के बावजूद किसी राज्य की लोकसभा में हिस्सेदारी दूसरे राज्यों के मुकाबले कम न हो। दरअसल, परिसीमन को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों की ओर से लगातार चिंता जताई जाती रही है। इन राज्यों का तर्क है कि उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के लिए बेहतर काम किया है। ऐसे में यदि केवल जनसंख्या के आधार पर लोकसभा सीटों का बंटवारा किया गया तो कम जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मामले में नुकसान हो सकता है।
सरकार के नए प्रस्ताव में इसी आशंका को दूर करने की कोशिश की गई है। रिपोर्टों के मुताबिक, राज्यों के बीच मौजूदा सीटों का अनुपात 2051 तक बनाए रखने का प्रावधान प्रस्तावित है। इससे सभी राज्यों की सीटें बढ़ेंगी, लेकिन उनकी सापेक्ष राजनीतिक हिस्सेदारी सुरक्षित रहेगी।
क्या है परिसीमन और क्यों है इसकी जरूरत?
परिसीमन का मतलब लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण करना है। इसके तहत यह तय किया जाता है कि किस राज्य में कितने निर्वाचन क्षेत्र होंगे और उनकी भौगोलिक सीमाएं क्या होंगी। भारत में परिसीमन की प्रक्रिया जनसंख्या और संवैधानिक प्रावधानों के आधार पर की जाती है। देश में लोकसभा सीटों के राज्यों के बीच बंटवारे पर लंबे समय से रोक लगी रही है। 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों की सीटों के अनुपात को 2026 के बाद पहली जनगणना के प्रासंगिक आंकड़े आने तक सुरक्षित रखने की संवैधानिक व्यवस्था रही है।
सरकार अब इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए लोकसभा का आकार बढ़ाना चाहती है। इसका एक प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण देने की व्यवस्था को जल्द लागू करना भी है।
2023 के महिला आरक्षण कानून को लागू करने की तैयारी
महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण देने के लिए सितंबर 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया गया था। हालांकि, इसके प्रभावी होने की प्रक्रिया को जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ा गया था। अब केंद्र सरकार इस प्रक्रिया में बदलाव करके 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा की सीटों में बढ़ोतरी के साथ महिलाओं के लिए लगभग एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का रास्ता तैयार होगा।
गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में पेश किया था, लेकिन जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण यह पारित नहीं हो सका। मतदान में विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। अब सरकार संशोधित प्रस्ताव के साथ दोबारा संसद में जाने की तैयारी कर रही है।
30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र, सरकार की अग्निपरीक्षा
केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इसकी जानकारी दी है। इस विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक को प्रमुखता से उठाए जाने की संभावना है। शिवसेना ने भी अपने सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद में मौजूद रहने के निर्देश देते हुए व्हिप जारी किया है। हालांकि, संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार को दोनों सदनों में विशेष बहुमत की जरूरत होगी। ऐसे में क्षेत्रीय दलों और विपक्षी सांसदों का रुख काफी अहम रहने वाला है।
बीआरएस ने परिसीमन के समर्थन के दिए संकेत
परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत की राजनीति भी गरमा गई है। तेलंगाना की भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने संकेत दिया है कि अगर केंद्र सरकार राज्यों के हितों और दक्षिण भारत की राजनीतिक हिस्सेदारी की रक्षा करती है तो पार्टी परिसीमन का समर्थन कर सकती है। बीआरएस नेता रावुला श्रीधर रेड्डी ने कहा कि उनकी पार्टी परिसीमन के खिलाफ नहीं है। वह लोकसभा में प्रतिनिधित्व बढ़ाने और निर्वाचन क्षेत्रों के बीच असमानता दूर करने का समर्थन करती है। हालांकि, दक्षिण भारतीय राज्यों की मौजूदा 24 फीसदी हिस्सेदारी सुरक्षित रहनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत के राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है। ऐसे राज्यों को इसका राजनीतिक नुकसान नहीं उठाना चाहिए। केंद्र सरकार को केवल जनसंख्या को आधार बनाने के बजाय राज्यों के आर्थिक योगदान और जनसंख्या नियंत्रण के प्रयासों को भी ध्यान में रखना चाहिए। श्रीधर ने स्पष्ट किया कि यदि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों का मौजूदा प्रतिनिधित्व अनुपात सुरक्षित रखा जाता है और परिसीमन की प्रक्रिया पारदर्शी होती है, तो बीआरएस इसका समर्थन कर सकती है।
महिला आरक्षण और परिसीमन का मुद्दा आने वाले दिनों में केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच बड़े राजनीतिक टकराव का कारण बन सकता है। सरकार इसे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और लोकसभा का प्रतिनिधित्व विस्तार करने की दिशा में अहम कदम बता रही है। वहीं, विपक्ष की मुख्य चिंता राज्यों के बीच राजनीतिक संतुलन और परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर है। अब सभी की निगाहें 30 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष सत्र पर हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकार इस बार संविधान संशोधन विधेयक के लिए जरूरी बहुमत जुटा पाएगी और क्या 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का रास्ता साफ हो सकेगा?
