उजाला / देश
बिहार में इंजीनियर के ठिकानों पर विजिलेंस की छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में विजिलेंस की टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में अधिकारी और उनके परिजनों के नाम पर करीब 12 करोड़ 66 लाख रुपये की चल-अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज सामने आए हैं। इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में मिला जमीन का दस्तावेज है। यह जमीन अजीत कुमार दास की पत्नी के नाम पर खरीदी गई थी और इसका मौजूदा बाजार मूल्य 10 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
गोपनीय शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
दरअसल, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को अजीत कुमार दास के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की गोपनीय शिकायत मिली थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ब्यूरो ने शुरुआती स्तर पर उनकी आय और संपत्तियों की जांच शुरू की। इस जांच में सामने आया कि अजीत कुमार दास के पास उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से करीब 1 करोड़ 52 लाख 4 हजार 880 रुपये अधिक की संपत्ति है। इसके बाद 23 नवंबर 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या 137/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। इसके बाद विशेष निगरानी न्यायालय, पटना से सर्च वारंट प्राप्त कर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
छह ठिकानों पर एक साथ पहुंची विजिलेंस की टीमें
26 नवंबर को निगरानी ब्यूरो की छह अलग-अलग टीमों ने बिहार के पटना, भागलपुर, नवगछिया, कटिहार, मुंगेर और सासाराम स्थित आवासीय और कार्यालयी परिसरों में छापेमारी की। गुरुवार से शुरू हुई यह कार्रवाई शुक्रवार सुबह तक जारी रही। तलाशी के दौरान जमीन के कागजात, फ्लैट की रजिस्ट्री, बैंक खातों, शेयर बाजार और एलआईसी में निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए।
जांच में अजीत कुमार दास, उनकी पत्नी और परिजनों के नाम पर कुल 16 अचल संपत्तियों का पता चला है। इनकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 54 लाख 24 हजार 880 रुपये बताई गई है। इसके अलावा तीन चल संपत्तियों का भी पता चला, जिनकी कीमत करीब 12 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।
सिलीगुड़ी में पत्नी के नाम 92 डिसमिल जमीन, कीमत 10 करोड़ से ज्यादा
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा खुलासा पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से हुआ है। निगरानी ब्यूरो को मिले दस्तावेजों के मुताबिक, अजीत कुमार दास ने वर्ष 2021 में अपनी पत्नी के नाम सिलीगुड़ी के एक महंगे व्यावसायिक इलाके में 92 डिसमिल जमीन खरीदी थी। इस जमीन से संबंधित कुल 10 डीड यानी रजिस्ट्री के दस्तावेज बरामद हुए हैं।
स्थानीय बाजार भाव के आधार पर इस जमीन की कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस संपत्ति को अधिकारी ने अपने वार्षिक संपत्ति विवरण में भी नहीं दिखाया था। यही वजह है कि यह जमीन जांच के केंद्र में आ गई है। इसके अलावा पटना में दो फ्लैट की रजिस्ट्री और बैंक, शेयर तथा एलआईसी में निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।
किन पदों पर तैनात रहे अजीत कुमार दास?
अजीत कुमार दास ग्रामीण कार्य विभाग में अलग-अलग स्थानों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उन्होंने छपरा के मढ़ौरा, कटिहार के वारसलीगंज और किशनगंज में सहायक अभियंता के रूप में काम किया। इसके बाद वे सासाराम में गुणवत्ता नियंत्रण से जुड़े विभागीय कार्यों में तैनात रहे। वर्ष 2025 में भागलपुर प्रमंडल में जांच एवं गुणवत्ता से जुड़ी जिम्मेदारी संभाली और जुलाई 2026 से सासाराम प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के पद पर कार्यरत थे।
अब संपत्तियों के मूल्यांकन में जुटी निगरानी टीम
फिलहाल निगरानी अन्वेषण ब्यूरो बरामद दस्तावेजों की जांच और संपत्तियों के वास्तविक मूल्यांकन में जुटा है। शुरुआती जांच में ज्ञात आय से करीब 1.52 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है, जबकि छापेमारी के दौरान सामने आए दस्तावेजों के आधार पर कुल संपत्तियों का अनुमानित मूल्य करीब 12.66 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी संपत्ति किस तरह अर्जित की गई और इसके लिए धन कहां से आया। जमीन की खरीद, बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है।
हालांकि, अभी यह मामला जांच के अधीन है और बरामद दस्तावेजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में इस जांच से और भी संपत्तियों तथा वित्तीय लेनदेन से जुड़े खुलासे होने की संभावना है।
