सिराथू से ही 2027 का चुनाव लड़ेंगी पल्लवी पटेल, रोजगार एवं भागीदारी यात्रा से BJP को घेरा

PALLAVI PATEL

उजाला / उत्तरप्रदेश

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच अपना दल (कमेरावादी) ने भी अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल के नेतृत्व में बुधवार को वाराणसी से रोजगार एवं भागीदारी मोटरसाइकिल यात्रा की शुरुआत हुई। इस यात्रा की कमान सिराथू से विधायक पल्लवी पटेल संभाल रही हैं। यात्रा के जरिए पार्टी ने युवाओं के रोजगार, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण और पिछड़े वर्गों की राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी जैसे मुद्दों को केंद्र में रखा है।

इस दौरान पल्लवी पटेल ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपनी स्थिति साफ कर दी। उन्होंने ऐलान किया कि वह अगला विधानसभा चुनाव कौशांबी जिले की सिराथू विधानसभा सीट से ही लड़ेंगी। पल्लवी के इस बयान को आगामी चुनाव के लिए उनकी राजनीतिक तैयारी और क्षेत्र में अपनी दावेदारी मजबूत करने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

सिराथू से ही चुनाव लड़ने का किया ऐलान

वाराणसी में यात्रा की शुरुआत के दौरान पल्लवी पटेल अपनी मां और अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल के साथ मौजूद रहीं। इस दौरान उन्होंने सारनाथ में महाराजा सुहेलदेव राजभर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद 2027 के चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर पल्लवी पटेल ने स्पष्ट कहा कि वह सिराथू विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा, ”जिस जगह से मुझे सम्मान मिला और मेरी पहचान बनी, उसी सीट से दोबारा चुनाव लड़ने का दावा करूंगी

गौरतलब है कि सिराथू सीट पल्लवी पटेल की राजनीतिक पहचान का अहम केंद्र रही है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को हराकर प्रदेश की राजनीति में खास पहचान बनाई थी। इस चुनाव में उनकी जीत ने विपक्षी राजनीति में भी उन्हें एक महत्वपूर्ण चेहरा बना दिया था।

रोजगार और सामाजिक भागीदारी के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी

पल्लवी पटेल ने बताया कि रोजगार एवं भागीदारी यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं की समस्याओं को सरकार और जनता के सामने मजबूती से उठाना है। पार्टी का कहना है कि प्रदेश में बड़ी संख्या में युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। वहीं सरकारी विभागों में संविदा व्यवस्था के तहत काम कर रहे कर्मचारियों को स्थायी नौकरी और अन्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। पल्लवी पटेल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं के हक की लूटमार की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न तो संविधान का सम्मान कर रही है और न ही संविधान से मिले अधिकारों को महत्व दे रही है।

उनका कहना है कि सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और बेरोजगार युवाओं के बीच संविदा की ऐसी व्यवस्था खड़ी कर दी है, जिसमें कर्मचारियों को लंबे समय तक अस्थायी रूप से काम करना पड़ता है। पार्टी इस व्यवस्था में बदलाव और संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है।

8 दिसंबर को लखनऊ में होगा बड़ा महाआंदोलन

अपना दल (कमेरावादी) की इस यात्रा का समापन 8 दिसंबर 2026 को राजधानी लखनऊ में होगा। यहां पार्टी की ओर से बड़े महाआंदोलन का आयोजन किया जाएगा। इस आंदोलन में रोजगार, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण और पिछड़े वर्गों की भागीदारी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी की रणनीति है कि यात्रा के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों के युवाओं, कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों को जोड़ा जाए। इसके जरिए सरकार पर रोजगार और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर दबाव बनाने की कोशिश होगी।

ओवैसी-चंद्रशेखर की रैली पर क्या बोलीं पल्लवी पटेल?

लखनऊ में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की प्रस्तावित संयुक्त रैली और गठबंधन को लेकर भी पल्लवी पटेल ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दोनों नेताओं के गठबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि हर उस व्यक्ति को अपनी बात रखने की आजादी है, जिसके पास राजनीतिक संगठन, कोई विषय या मुद्दा है। उन्होंने कहा कि कोई भी राजनीतिक संगठन कहीं भी रैली करे, उन्हें मेरी शुभकामनाएं हैं। सभी को अपने विचार और एजेंडे के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

पल्लवी पटेल का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर नए राजनीतिक समीकरण बनने लगे हैं। एक तरफ सपा, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के बीच गठबंधन की संभावनाओं पर चर्चा है, तो दूसरी तरफ छोटे दल भी अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने में जुटे हैं।

2027 से पहले अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटीं पल्लवी

पल्लवी पटेल का सिराथू से दोबारा चुनाव लड़ने का ऐलान और रोजगार एवं भागीदारी यात्रा की शुरुआत, दोनों को 2027 के चुनाव से पहले उनकी राजनीतिक सक्रियता के तौर पर देखा जा रहा है। 2022 के विधानसभा चुनाव में पल्लवी पटेल ने समाजवादी पार्टी के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ते हुए भाजपा के कद्दावर नेता और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को 7,337 वोटों से हराया था। इस जीत ने उन्हें प्रदेश की राजनीति में एक मजबूत पहचान दिलाई थी।

अब देखना होगा कि रोजगार और सामाजिक भागीदारी के मुद्दों को लेकर शुरू की गई यह यात्रा कितना जनसमर्थन जुटा पाती है और 8 दिसंबर को लखनऊ में होने वाला महाआंदोलन प्रदेश की राजनीति में कितना प्रभाव छोड़ता है। साथ ही 2027 के चुनाव में पल्लवी पटेल और अपना दल (कमेरावादी) का गठबंधन किसके साथ होगा, इस पर भी सभी की नजरें रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *