उजाला / देश
खाने-पीने की पैकेटबंद चीजें आज हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी हैं। बाजार में मिलने वाले बिस्किट, चिप्स, नमकीन, चॉकलेट, कोल्ड ड्रिंक और इंस्टेंट फूड जैसे उत्पादों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। लेकिन इन चीजों में मौजूद ज्यादा चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। कई बार उपभोक्ता पैकेट पर लिखी पोषण संबंधी जानकारी को समझ नहीं पाते और अनजाने में ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करते रहते हैं, जिनका स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है।
इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर चेतावनी लेबल लगाने की व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) से फ्रंट-ऑफ-पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग यानी FoPNL के नियमों को सख्त और प्रभावी बनाने को कहा है। इसका उद्देश्य यह है कि उपभोक्ता किसी भी खाद्य उत्पाद को खरीदने से पहले ही उसके पोषण संबंधी जोखिम को आसानी से समझ सकें।
क्या है सुप्रीम कोर्ट का पूरा निर्देश?
सुप्रीम कोर्ट ने चेतावनी लेबल के डिजाइन और उसमें दी जाने वाली जानकारी को लेकर कई अहम बातें स्पष्ट की हैं।
1. अलग-अलग चेतावनी निशान: पैकेट पर छह कोनों वाले यानी हेक्सागोन आकार के चेतावनी निशान लगाने होंगे। इनमें हाई फैट, हाई शुगर और हाई सॉल्ट के लिए अलग-अलग निशान होंगे।
2. तस्वीर के साथ चेतावनी: हर निशान में संबंधित पोषक तत्व का मानकीकृत चित्र और उसके साथ ‘HIGH FAT’, ‘HIGH SUGAR’ या ‘HIGH SALT’ लिखा होगा।
3. कुल चीनी और सैचुरेटेड फैट की जानकारी: कोर्ट ने कहा है कि केवल एडेड शुगर और एडेड फैट को आधार नहीं बनाया जाए। कुल चीनी (Total Sugar) और सैचुरेटेड फैट (Saturated Fat) को भी जोखिम वाले पोषक तत्वों में शामिल किया जाए।
4. पैकेट पर पर्याप्त जगह: चेतावनी निशान का आकार इतना बड़ा होना चाहिए कि ग्राहक उसे आसानी से पढ़ सके। कोर्ट के निर्देश के मुताबिक प्रत्येक निशान पैकेट के मुख्य डिस्प्ले एरिया का कम से कम 4 से 5 प्रतिशत हिस्सा घेरेगा।
5. चार महीने की समयसीमा: FSSAI को चेतावनी लेबल से जुड़े नियमों को अंतिम रूप देने के लिए चार महीने का समय दिया गया है।
क्यों जरूरी है पैकेट पर चेतावनी लेबल?
पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में अधिक चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट का सेवन मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर, टाइप-2 डायबिटीज और हृदय संबंधी बीमारियों के जोखिम को बढ़ा सकता है। खासतौर पर बच्चों में चिप्स, चॉकलेट, मीठे पेय और दूसरे प्रोसेस्ड फूड की लोकप्रियता को देखते हुए पोषण संबंधी जानकारी का आसानी से समझ में आना जरूरी है। अभी ज्यादातर उत्पादों के पीछे पोषण संबंधी जानकारी दी जाती है, जिसमें कैलोरी, प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, फैट और चीनी की मात्रा लिखी होती है। लेकिन हर उपभोक्ता इन आंकड़ों और तकनीकी शब्दों को आसानी से नहीं समझ पाता। ऐसे में पैकेट के सामने स्पष्ट चेतावनी होने से खरीदारी के समय ही खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता और पोषण संबंधी जोखिम का अंदाजा लगाया जा सकेगा।
FSSAI को नियम बनाने में देरी नहीं करने की हिदायत
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि चेतावनी लेबल लागू करने में देरी का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य और सही खाद्य विकल्प चुनने के अधिकार पर पड़ता है। कोर्ट ने यह भी कहा कि पोषक तत्वों की सीमा तय करते समय वैज्ञानिक आधार का ध्यान रखा जाए। अगर सीमा बहुत कम रखी गई तो लगभग हर उत्पाद पर चेतावनी लग सकती है और लोग इन निशानों को गंभीरता से लेना बंद कर सकते हैं। वहीं, सीमा बहुत अधिक रखने पर कई ऐसे उत्पाद चेतावनी से बाहर रह जाएंगे, जिनमें नुकसानदायक तत्वों की मात्रा ज्यादा है। इसके साथ ही अदालत ने केंद्र सरकार को बच्चों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों में इंटरैक्टिव वर्कशॉप और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित करने की दिशा में भी कदम उठाने को कहा है। इस मामले की प्रगति की समीक्षा के लिए अदालत ने 10 सप्ताह बाद दोबारा सुनवाई करने की बात कही है।
कुल मिलाकर, सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला सिर्फ खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग में बदलाव तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मकसद उपभोक्ताओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है। हालांकि, अभी FSSAI को इन निर्देशों के अनुरूप नियमों को अंतिम रूप देना है। इसके बाद ही पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर इन चेतावनी लेबलों को लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
