उजाला / आगरा : आगरा के सूरसदन प्रेक्षागृह में बुधवार को आयोजित ‘भविष्य ज्योति मेधावी सम्मान समारोह’ में प्रतिभा और मेहनत का अनूठा संगम देखने को मिला। मंगलायतन विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में 1200 से अधिक मेधावी छात्रों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह का माहौल उस समय और भी भावुक हो गया, जब मंच पर छात्रों को मेडल पहनाए गए और उनके हाथों में प्रमाणपत्र सौंपे गए। इस उपलब्धि की खुशी उनके चेहरों पर साफ झलक रही थी। कार्यक्रम में यूपी बोर्ड, सीबीएसई और सीआईएससीई के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ओलंपियाड विजेताओं को भी विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष बंसल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे जीवन के हर सपने को साकार किया जा सकता है। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित करने और उसे पाने के लिए निरंतर प्रयास करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी में अलग-अलग प्रतिभा होती है, इसलिए अपने हुनर को पहचानकर उसी दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। डीएम ने यह भी कहा कि माता-पिता और शिक्षकों की सलाह को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि वही आपके सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। विशिष्ट अतिथि एसीपी डॉ. सुकन्या शर्मा ने विद्यार्थियों को संयम, धैर्य और मेहनत का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने छात्रों को यह भी समझाया कि सिर्फ अच्छे अंक ही सफलता का पैमाना नहीं हैं, बल्कि निरंतर प्रयास और सही दिशा में मेहनत भी जरूरी है।
मंगलायतन विश्वविद्यालय के डिप्टी जनरल मैनेजर मयंक प्रताप सिंह ने छात्रों को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज के समय में पारंपरिक कोर्स के अलावा कई जॉब-ओरिएंटेड कोर्स उपलब्ध हैं, जिनसे बेहतर करियर बनाया जा सकता है। उन्होंने नीट में सफलता न मिलने पर भी फार्मेसी, बीएससी एग्रीकल्चर और बीएएलएलबी जैसे विकल्पों की जानकारी दी। विश्वविद्यालय के डीन रिसर्च प्रो. रविकांत ने छात्रों को कक्षा 9 से 12 तक के समय को जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दौर बताया। उन्होंने कहा कि इसी समय से सफलता की नींव रखी जाती है। उन्होंने छात्रों को अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य तय करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कृषि, कला, विज्ञान और वाणिज्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर के अवसरों की जानकारी भी दी। साथ ही छात्रों को उद्यमिता और स्टार्टअप के लिए प्रेरित किया गया समारोह का सफल संचालन अमित सूरी ने किया। यह आयोजन न केवल छात्रों के लिए प्रेरणादायक रहा, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा भी तय करने वाला साबित हुआ।
