गोधरा ट्रेन अग्निकांड: सुप्रीम कोर्ट से दोषी इरफान सिराज पाड़ा को बड़ी राहत, मिली जमानत

GODHRA

उजाला / देश

नई दिल्ली। साल 2002 के बहुचर्चित गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार (23 नवंबर 2026) को एक अहम फैसला सुनाया है। शीर्ष अदालत ने इस मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे दोषी इरफान सिराज पाड़ा की सजा को निलंबित करते हुए उसे मेडिकल आधार पर जमानत दे दी है। इरफान पिछले 18 साल से अधिक समय से जेल में बंद है और गंभीर हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित है। अदालत ने उसकी स्वास्थ्य स्थिति और लंबे समय से जेल में रहने के तथ्य को ध्यान में रखते हुए यह राहत दी है। सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने इरफान की याचिका पर सुनवाई की। सुनवाई के दौरान उसके वकील ने अदालत को बताया कि वह गंभीर कार्डियोवैस्कुलर बीमारी से जूझ रहा है और लंबे समय से जेल में बंद है। गुजरात सरकार की ओर से पेश वकील ने भी उसकी मेडिकल स्थिति को तथ्यात्मक रूप से सही माना। राज्य सरकार ने मामले को गंभीर बताते हुए भी मेडिकल आधार पर सजा निलंबित करने पर आपत्ति नहीं जताई।

पीठ ने कहा कि याचिका मुख्य रूप से मेडिकल आधार पर दाखिल की गई है और राज्य सरकार ने भी संबंधित स्वास्थ्य स्थिति पर विवाद नहीं किया है। इन परिस्थितियों को देखते हुए अदालत ने मेडिकल आधार पर सजा निलंबित करने का फैसला लिया। जमानत की शर्तें ट्रायल कोर्ट तय करेगा।

क्या है 2002 का गोधरा ट्रेन अग्निकांड?

गोधरा ट्रेन अग्निकांड की घटना 27 फरवरी 2002 को गुजरात के गोधरा रेलवे स्टेशन के पास हुई थी। अयोध्या से लौट रही साबरमती एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगा दी गई थी। इस घटना में 58 लोगों की मौत हुई थी। ट्रेन में बड़ी संख्या में कारसेवक सवार थे। इस घटना के बाद गुजरात में बड़े पैमाने पर सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी थी, जिसने पूरे देश का ध्यान खींचा था। इस मामले की जांच और सुनवाई के बाद मार्च 2011 में विशेष एसआईटी अदालत ने 31 लोगों को दोषी ठहराया था। इनमें 11 को मौत की सजा और 20 को उम्रकैद सुनाई गई थी, जबकि 63 आरोपियों को बरी कर दिया गया था। बाद में अक्टूबर 2017 में गुजरात हाईकोर्ट ने 11 दोषियों की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया और बाकी 20 दोषियों की उम्रकैद बरकरार रखी।

पहले भी कई दोषियों को मिल चुकी है जमानत

गोधरा ट्रेन अग्निकांड के अन्य दोषियों को भी अलग-अलग परिस्थितियों में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल चुकी है। मई 2022 में अदालत ने दोषी अब्दुल रहमान धंतिया को उसकी पत्नी के टर्मिनल कैंसर और बेटियों की स्थिति को देखते हुए छह महीने की अंतरिम जमानत दी थी। नवंबर 2022 में उसकी जमानत बढ़ाई गई थी। दिसंबर 2022 में फारूक नाम के दोषी को भी जमानत मिली थी। अदालत ने उसकी 17 साल से अधिक की सजा और घटना में उसकी सीमित भूमिका को ध्यान में रखा था। इसके बाद अप्रैल 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने आठ अन्य दोषियों को भी जमानत दी थी।

दोषसिद्धि पर अंतिम फैसला अभी बाकी

गोधरा ट्रेन अग्निकांड के दोषियों की अपीलें लंबे समय से सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं। इरफान सिराज पाड़ा को मिली मौजूदा राहत भी इसी कानूनी प्रक्रिया के बीच दी गई है। अदालत ने उसकी दोषसिद्धि को रद्द नहीं किया है और न ही उसे मामले में बरी किया है। केवल मेडिकल आधार पर उसकी उम्रकैद की सजा निलंबित की गई है। ऐसे में यह मामला एक बार फिर चर्चा में है। अब सबकी नजरें इस बात पर रहेंगी कि लंबित अपीलों पर सुप्रीम कोर्ट में आगे कब और क्या फैसला आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *