उजाला / उत्तरप्रदेश
कानपुर में विकास और सड़क निर्माण के दावों के बीच विभागों के बीच तालमेल की कमी का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। शहर के प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग NH-91 पर IIT से रामादेवी तक सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। कहीं पानी की पाइपलाइन में लीकेज के कारण सड़क धंस रही है तो कहीं मरम्मत के नाम पर बार-बार खुदाई की जा रही है। ताजा मामला त्रिमूर्ति मंदिर के सामने का है, जहां जलकल विभाग ने करीब एक महीने पहले बनी सड़क को फिर से खोद दिया। इस मामले में लोक निर्माण विभाग (PWD) ने कड़ी नाराजगी जताते हुए जलकल विभाग के महाप्रबंधक को नोटिस जारी किया है।
नई सड़क को खोदने पर PWD ने जताई नाराजगी
जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर को NH-91 पर त्रिमूर्ति मंदिर के सामने जलकल विभाग की ओर से करीब 2.5×2.5 मीटर क्षेत्र में खुदाई की गई। यह सड़क का मुख्य कैरिज-वे है, जहां से रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। खास बात यह है कि जिस हिस्से में खुदाई की गई, वहां सड़क का निर्माण लगभग एक महीने पहले ही हुआ था। PWD के राष्ट्रीय मार्ग खंड के अधिकारियों के मुताबिक, जलकल विभाग ने खुदाई करने से पहले न तो विभाग से अनुमति ली और न ही आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) प्राप्त किया। ऐसे में सड़क को बिना अनुमति खोदने पर सवाल उठाए गए हैं। विभाग का कहना है कि इस तरह की खुदाई से न केवल सड़क को नुकसान पहुंचता है, बल्कि व्यस्त मार्ग पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। खुले और क्षतिग्रस्त हिस्से के कारण वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है।
13 जगह लीकेज की जानकारी के बावजूद नहीं हुई मरम्मत
PWD के राष्ट्रीय मार्ग खंड के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार ने नोटिस में बताया कि 5 नवंबर को ही जलकल विभाग को NH-91 पर 13 स्थानों पर लीकेज होने और उनसे सड़क क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी गई थी। इसके साथ ही संबंधित स्थानों की GPS लोकेशन और तस्वीरें भी भेजी गई थीं। PWD के मुताबिक, जलकल विभाग ने संबंधित जोन के अधिशासी अभियंताओं को लीकेज ठीक कराने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कई स्थानों पर काम पूरा नहीं हुआ। पुराने लीकेज की समस्या बनी रहने के बीच एक और जगह खुदाई कर दी गई, जिससे विभागों के बीच समन्वय पर सवाल खड़े हो गए हैं।
27 अक्टूबर को हुआ था डामरीकरण, तीन सप्ताह में फिर खुदाई
इस मामले में एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। कोपरगंज मोड़ से जरीब चौकी तक सड़क का डामरीकरण 27 अक्टूबर को कराया गया था। इसके बाद 18 नवंबर को त्रिमूर्ति मंदिर के सामने सड़क खोद दी गई। PWD के अनुसार, जलकल विभाग ने 22 अक्टूबर को खुदाई की अनुमति मांगी थी, लेकिन NOC मिलने से पहले ही काम कर दिया गया। अधिशासी अभियंता मनोज कुमार ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि NH-91 शहर का बेहद व्यस्त मार्ग है। ऐसे में बिना अनुमति खुदाई करना यातायात सुरक्षा के लिहाज से गंभीर लापरवाही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि खुदाई के कारण कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी जलकल विभाग की होगी।
जलकल महाप्रबंधक ने क्या कहा?
वहीं, जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि त्रिमूर्ति मंदिर के सामने लीकेज होने के कारण सड़क किनारे खुदाई की गई थी। इसके लिए अनुमति पत्र भी भेजा गया था। उन्होंने बताया कि मंदिर के सामने लीकेज ठीक कर गड्ढे को पाट दिया गया है। फिलहाल PWD ने जलकल विभाग से पुराने 13 लीकेज की मरम्मत, नई खुदाई से क्षतिग्रस्त सड़क को दुरुस्त कराने और बिना अनुमति काम शुरू करने के मामले में जवाब मांगा है। साथ ही संयुक्त सर्वे के लिए दो अवर अभियंताओं को नामित किया गया है।
अब देखना होगा कि दोनों विभागों के बीच समन्वय बनाकर NH-91 की समस्या का स्थायी समाधान कब तक निकाला जाता है। क्योंकि सड़क की बार-बार खुदाई और अधूरी मरम्मत का सीधा असर आम लोगों, वाहन चालकों और रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले यात्रियों पर पड़ रहा है।
