लखनऊ में 7 महीने में जुड़े 59 हजार नए वोटर्स, सरोजनीनगर सबसे आगे 2027 चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल

LUCKNOW

उजाला / उत्तरप्रदेश

लखनऊ में 10 अप्रैल 2026 को जारी मतदाता सूची में कुल 30,80,350 मतदाता दर्ज थे। वहीं, 17 नवंबर 2026 को जारी नई ड्राफ्ट सूची में यह संख्या बढ़कर 31,39,412 हो गई। इस तरह सात महीने में 59,062 मतदाताओं की शुद्ध बढ़ोतरी हुई है। प्रतिशत के हिसाब से यह वृद्धि 1.92 फीसदी है। नई सूची में 16,40,342 पुरुष, 14,98,962 महिलाएं और 108 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो सरोजनीनगर में सबसे ज्यादा 13,422 नए मतदाता जुड़े हैं। यहां मतदाताओं की संख्या 4,60,037 से बढ़कर 4,73,459 हो गई। लखनऊ उत्तर में 10,488 और बीकेटी में 8,530 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई। लखनऊ पूर्व में 7,044, पश्चिम में 6,480, मध्य में 3,605, कैंट में 3,521, मोहनलालगंज में 3,490 और मलिहाबाद में 2,482 नए मतदाता जुड़े हैं।

हालांकि कुल मतदाताओं की संख्या के मामले में लखनऊ पश्चिम पहले स्थान पर है। यहां 4,73,459 मतदाता दर्ज हैं। बीकेटी में 4,28,002 और सरोजनीनगर में 3,89,375 मतदाता हैं। इसके अलावा लखनऊ उत्तर में 3,54,797, मलिहाबाद में 3,33,012, लखनऊ पूर्व में 3,26,191 और मोहनलालगंज में 3,22,261 मतदाता हैं। लखनऊ मध्य में 2,68,166 और कैंट में सबसे कम 2,44,149 मतदाता दर्ज किए गए हैं।

बीकेटी में सबसे ज्यादा मतदाता-आबादी अनुपात, कैंट सबसे पीछे

लखनऊ में मतदाता पंजीकरण की स्थिति को समझने के लिए निर्वाचन विभाग ने अनुमानित आबादी के मुकाबले मतदाताओं के अनुपात का आकलन किया है। इस मामले में बख्शी का तालाब विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे है। यहां 6,45,893 की अनुमानित आबादी के मुकाबले 4,28,002 मतदाता हैं। यानी मतदाता-आबादी अनुपात 66.27 फीसदी है। सरोजनीनगर में यह अनुपात 60.89 फीसदी और लखनऊ पश्चिम में 59.71 फीसदी है। वहीं, लखनऊ उत्तर में 53.44 फीसदी, मलिहाबाद में 52.59 फीसदी, लखनऊ पूर्व में 48.19 फीसदी और मोहनलालगंज में 47.11 फीसदी अनुपात दर्ज किया गया है।

इसके विपरीत लखनऊ कैंट में यह आंकड़ा महज 36.21 फीसदी और लखनऊ मध्य में 36.89 फीसदी है। पूरे जिले की अनुमानित आबादी 61,34,810 है, जबकि कुल मतदाताओं की संख्या 31,39,412 है। इस तरह जिले का औसत मतदाता-आबादी अनुपात 51.17 फीसदी है। निर्वाचन विभाग का निर्धारित आदर्श अनुपात 69.06 फीसदी है। ऐसे में कई विधानसभा क्षेत्रों में पात्र नागरिकों का पंजीकरण बढ़ाना अभी भी बड़ी चुनौती बना हुआ है।

एसएसआर-2027 के तहत मतदाता सूची में सुधार का मौका

विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी स्पेशल समरी रिवीजन (SSR-2027) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई है। पहले यह सूची 12 नवंबर को जारी होनी थी, लेकिन निर्वाचन आयोग ने तारीख में पांच दिन का बदलाव किया था। नई व्यवस्था के तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और गलतियों को ठीक कराने के लिए आवेदन किए जा सकते हैं। इसके लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 निर्धारित किए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने दावों और आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तारीख 28 दिसंबर तय की है, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।

मतदाता पंजीकरण को बढ़ावा देने के लिए 21 और 22 नवंबर तथा 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस भी आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे, ताकि नागरिक अपने नाम की जांच करा सकें और जरूरी आवेदन कर सकें।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर भी हुई चर्चा

मतदाता सूची के पुनरीक्षण के बीच उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर हुई बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण और विधानसभा क्षेत्रवार वोटर्स की स्थिति को लेकर चर्चा होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि बैठक के विस्तृत एजेंडे और उसमें लिए गए फैसलों का आधिकारिक ब्योरा सार्वजनिक नहीं हुआ है।

राजनीतिक दृष्टि से देखा जाए तो विधानसभा चुनाव में मतदाता सूची की भूमिका बेहद अहम होती है। ऐसे में नए मतदाताओं का जुड़ना, पुराने नामों का सत्यापन और पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सभी राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण विषय बन गया है। खासकर उन विधानसभा क्षेत्रों पर नजर रहेगी, जहां मतदाता-आबादी अनुपात अभी काफी कम है। अब देखना होगा कि एसएसआर की प्रक्रिया पूरी होने तक लखनऊ की नौ विधानसभा सीटों पर मतदाताओं की संख्या में कितना और इजाफा होता है और 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले तैयार होने वाली अंतिम मतदाता सूची राजधानी की चुनावी तस्वीर को किस तरह प्रभावित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *