उजाला / देश
वैशाली। बिहार दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शनिवार को एक अलग अंदाज देखने को मिला। वैशाली में गंगा नदी पर बने छह लेन के नीतीश सेतु के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गले लगाकर उनका अभिवादन किया। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी इसकी चर्चा शुरू हो गई। वहीं, पुल के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी का एक और खास अंदाज देखने को मिला, जब उन्होंने पुल पर टहलते हुए अपना गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 21 नवंबर को बिहार के वैशाली पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अन्य नेताओं की मौजूदगी में नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित किया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री और नीतीश कुमार के गले मिलने के दृश्य ने कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से भी खास बना दिया।
4,280 करोड़ की लागत से बना नीतीश सेतु
गंगा नदी पर बना नीतीश सेतु बिहार के बुनियादी ढांचे के लिहाज से एक महत्वपूर्ण परियोजना है। लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टे ब्रिज पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। इस पूरी परियोजना की लंबाई करीब 19.7 किलोमीटर है। इसमें लगभग 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की पहुंच सड़कें शामिल हैं। छह लेन वाले इस पुल के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन पहले से आसान होने की उम्मीद है। इस पुल का सबसे बड़ा फायदा पटना और वैशाली के बीच यात्रा करने वाले लोगों को मिलेगा। इसके अलावा महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने में भी यह मददगार साबित हो सकता है। राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों को भी पटना तक पहुंचने और स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी जरूरी सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।

21 विभागों की 227 परियोजनाओं की सौगात
नीतीश सेतु के उद्घाटन के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 21 विभागों की कुल 227 परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं की कुल लागत करीब 34,470 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। इन योजनाओं में सड़क संपर्क, बिजली, शहरी बुनियादी ढांचा, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। प्रमुख परियोजनाओं में औरंगाबाद-चोरदाहा राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्से का छह लेन में विस्तार, चोरमा-बैरगनिया और उमगांव-सहरसा सड़क परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी यूनिट का उद्घाटन भी किया गया। इससे राज्य की बिजली उत्पादन क्षमता को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
100 इलेक्ट्रिक बसों को भी दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री ने बिहार में स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए 100 पीएम-ईबसों को भी हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बिहार में सड़क, बिजली, आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना है।
नीतीश कुमार के नाम पर पुल, राजनीतिक संदेश भी अहम
नीतीश सेतु का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार की मुलाकात को राजनीतिक नजरिए से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बिहार की सत्ता में नेतृत्व परिवर्तन के बाद दोनों नेताओं की एक साथ मौजूदगी और पीएम मोदी का नीतीश कुमार को गले लगाना चर्चा का विषय बना। फिलहाल इस दौरे का सबसे बड़ा संदेश बिहार में बुनियादी ढांचे के विस्तार और विकास परियोजनाओं को गति देने से जुड़ा है। अब देखना होगा कि नीतीश सेतु के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के लोगों को आवागमन में कितनी राहत मिलती है और घोषित परियोजनाएं जमीन पर कितनी तेजी से पूरी होती हैं।
