तीज महोत्सव में महिलाओं ने बिखेरी प्रतिभा की छटा

उजाला / जौनपुर:  लायंस क्लब जौनपुर गोमती की ओर से होटल रघुवंशी में तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं ने नृत्य, गीत-संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोह में खूब रंग जमाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।

महोत्सव में आयोजित ‘कौन बनेंगी तीज क्वीन’ और ‘कौन बनेंगी बेस्ट डांसर’ प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महिला सदस्यों और लायंस भाभियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा।

प्रतियोगिता में अरुणा गुप्ता को ‘तीज क्वीन’ तथा श्वेता साहू को ‘बेस्ट डांसर’ चुना गया। निर्णायक मंडल की सदस्य एडवोकेट उर्वशी सिंह एवं रीता जायसवाल ने विजेताओं को ताज और सैश पहनाकर सम्मानित किया।

लायंस क्लब जौनपुर गोमती की प्रथम महिला डॉ. तसनीम फात्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ ही आपसी मेल-जोल, प्रेम और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना की।

कार्यक्रम की संचालिका डॉ. प्रज्ञा मिश्रा ने कहा कि तीज महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं को अपनी रचनात्मकता और हुनर को खुलकर सामने रखने का अवसर देना है। सदस्यों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम की संयोजिकाएं शशिलता अग्रहरी एवं अरुणा पाण्डेय रहीं। सह सचिव लायन नूपुर सिंह एवं बबीता साहू ने प्रतिभागियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर अध्यक्ष लायन सैय्यद हसनैन कमर ‘दीपू’, सचिव लायन नवीन मिश्रा एवं कोषाध्यक्ष लायन ऋषिदेव ने आयोजन की सफलता पर सभी सदस्यों और प्रतिभागियों को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *